बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, साउंड सिस्टम जब्त


बिलासपुर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाना एक साउंड संचालक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए डीजे संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर साउंड सिस्टम जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंआ में एक डीजे संचालक द्वारा बिना अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम चलाया जा रहा था। मामले की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की, जहां नियमों का उल्लंघन पाया गया।
आरोपी की पहचान ज्ञान प्रकाश कैवर्त (22 वर्ष), निवासी ग्राम मोढे थाना तखतपुर के रूप में हुई है। वह वाहन क्रमांक CG 10 AR 8856 में साउंड सिस्टम लगाकर सार्वजनिक स्थान पर तेज ध्वनि में डीजे बजा रहा था।
पुलिस ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 15 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 4 बेस बॉक्स, 2 टॉप बॉक्स, 2 हाई ट्यूटर, 2 एम्पलीफायर और 2 पार लाइट जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!