रेलवे स्टेशन में मोबाइल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 मोबाइल बरामद


बिलासपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में राहगीरों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तोरवा पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आनंद कुमार सलाम ने 25 मार्च 2026 को बिलासपुर रेलवे स्टेशन में अपना मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट पर लगाया था। कुछ समय बाद वापस आने पर उसका मोबाइल गायब मिला। शिकायत पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तोरवा पुलिस और रेलवे पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन (वनप्लस और वीआई कंपनी) बरामद हुए, जिनके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मोबाइल चोरी की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोहर उर्फ कछुवा उर्फ छोटू विश्वकर्मा (31) निवासी चुचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को 26 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!