बिलासपुर में चेन स्नेचिंग का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद


बिलासपुर। शहर में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन और लॉकेट सहित पूरा मशरूका बरामद कर लिया है। आरोपियों ने वारदात के बाद आभूषण को गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपये भी हासिल कर लिए थे।


यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस आरोपियों तक
घटना के बाद पुलिस ने शहर और घटनास्थल के आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर साइबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे पीड़िता शोभना भांडेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थी। रास्ते में स्कूटी पंचर हो गई, जिसके कारण वे धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर रॉन्ग साइड से आकर पीड़िता के गले से करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया और फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से ही पीड़िता को टारगेट बना लिया था और ऑटो व मोटरसाइकिल से उसका पीछा कर रहे थे। मौके पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने शेख सलमान (27) निवासी तारबाहर और आकाश उर्फ आशु नायक (23) निवासी देवरीखुर्द को गिरफ्तार किया है।
बरामद हुआ पूरा सामान
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ऑटो, 5 हजार रुपये नकद तथा सोने की चेन और लॉकेट बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरवी रखे गए आभूषण को भी बरामद कर लिया गया है, जिससे मामले में शत-प्रतिशत रिकवरी हुई है।
पुलिस टीम को मिला सम्मान
इस सफल कार्रवाई के लिए शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!