बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी के 6 मामलों का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। शहर में लगातार हो रही मोटर साइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 6 अलग-अलग मामलों का खुलासा कर 4 शातिर चोरों और 3 वाहन खरीददारों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की 6 मोटर साइकिलें भी बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसीसीयू और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस टीम ने शहर और घटनास्थलों के आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपियों के मस्तूरी क्षेत्र के बेदपरसदा निवासी होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी साहिल मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया और अन्य साथियों व चोरी के वाहन खरीदने वालों के बारे में भी जानकारी दी।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने साहिल मरावी, रितेश सेन, निलेश शुक्ला उर्फ राजा और हिमांशु जगत को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी की बाइक खरीदने के आरोप में नंदकुमार रजक , रघुनंदन साहू और सोनू केंवट को भी गिरफ्तार किया गया है।
बिलासपुर, जांजगीर और दुर्ग के मामलों का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गिरोह बिलासपुर के अलावा जांजगीर-चांपा और दुर्ग जिले में भी सक्रिय था। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में दर्ज मामलों को सुलझा लिया गया है।
बरामद हुई ये बाइक
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो पैशन प्रो, बजाज सीटी 100, होंडा सीवी साइन, हीरो स्प्लेंडर सहित कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस टीम को मिला सम्मान
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!