

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपनी बहन पर हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 मार्च 2026 की रात की है। पीड़िता मिनेश्वरी मनहर अपने घर में अकेली सो रही थी, तभी उसका भाई मानेश्वर मनहर शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। उसने बहन के बाल पकड़कर उसे बाहर खींचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने पास में रखे हथौड़े से उसके सिर, हाथ और पीठ पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 119(1), 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित रूप से की गई।
पुलिस की अपील
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
