
शशि मिश्रा

बर्ड फ्लू पर पूरी तरह नियंत्रण पाने जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 22 हजार से अधिक पक्षियों एवं 25 हजार अंडों का नष्टीकरण किया गया है। इसी तरह संक्रमण की श्रृंखला को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से 79 क्विंटल मुर्गीदानों को भी नष्ट किया गया है। बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही पशु चिकित्सा विभाग द्वारा जिला प्रशासन के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर प्रभावित क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई प्रारंभकर दी गई है। टीम के द्वारा संक्रमित एवं संदिग्ध क्षेत्र में मौजूद शेष बचे कुल 22,808 पक्षियों एवं 25,896 अंडों का नष्टीकरण किया गया है। इसी तरह 79 क्विंटल दाने का वैज्ञानिक विधि से नष्टीकरण करते हुए संक्रमण की पूरी श्रृंखला ही समाप्त कर दी गई है। यह पूरी कार्रवाई शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सावधानीपूर्वक की गई। इस संबंध में संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉक्टर जीएसएस तंवर ने बताया कि जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है, और पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी तरह संक्रमण प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय रहते उठाए गए इन कदमों से बर्ड फ्लू के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आमजनों से विचलित नहीं होने, बल्कि सावधानी और जागरूकता बनाए रखने की बात कही है।
