सीबीएसई के नाम पर गुमराह करने का आरोप, दो निजी स्कूलों की जांच के लिए टीम गठित


बिलासपुर। जिले में निजी स्कूलों द्वारा खुद को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त बताने के आरोप को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अभिभावकों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो स्कूलों की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है। संयुक्त संचालक (जेडी) शिक्षा ने ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल (मिशन अस्पताल रोड, व्यापार विहार) और नारायण ई-टेक्नो स्कूल (अमेरी रोड) की जांच कर 7 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अभिभावकों का आरोप
अभिभावकों का कहना है कि एडमिशन के दौरान स्कूल प्रबंधन ने खुद को सीबीएसई से संबद्ध बताया, लेकिन बाद में बच्चों को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजी बोर्ड) से परीक्षा दिलाने का दबाव बनाया गया। इस खुलासे के बाद अभिभावकों में नाराजगी और भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
स्कूल प्रबंधन ने आरोप नकारे
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका स्कूल सीजी बोर्ड से मान्यता प्राप्त है और किसी भी दस्तावेज में सीबीएसई का उल्लेख नहीं है। टीसी और एडमिशन फॉर्म में भी स्पष्ट रूप से सीजी बोर्ड दर्ज है। उन्होंने इसे एडमिशन सीजन में स्कूल को बदनाम करने की कोशिश बताया और जांच का स्वागत किया।
वहीं, नारायण ई-टेक्नो स्कूल के प्राचार्य प्रभाष चंद्र ने बताया कि सत्र 2025-26 में स्कूल राज्य शासन से मान्यता प्राप्त है, जबकि सीबीएसई संबद्धता की प्रक्रिया 2026-27 के लिए चल रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी अभिभावक को भ्रामक जानकारी नहीं दी गई है और स्कूल में कक्षा 8वीं संचालित ही नहीं है।
क्या जांचेगी टीम
जेडी द्वारा गठित जांच टीम में सहायक संचालक जे.के. शास्त्री, पी. दासरथी और तखतपुर के बीईओ शामिल हैं। टीम निम्न बिंदुओं पर जांच करेगी:
स्कूलों की वास्तविक मान्यता स्थिति
प्रवेश के दौरान दी गई जानकारी
परीक्षा प्रक्रिया और बोर्ड चयन
अभिभावकों की शिकायतों की सच्चाई
कार्रवाई के संकेत
डीईओ विजय कुमार टांडे के अनुसार, जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित स्कूलों की मान्यता समाप्त करने के साथ ही एफआईआर दर्ज करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
अब तक की प्रमुख कार्रवाई
15 मार्च: बिल्हा बीईओ ने ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की मान्यता समाप्त करने की अनुशंसा करते हुए डीईओ को रिपोर्ट भेजी
16 मार्च: डीईओ ने नारायण ई-टेक्नो स्कूल के लिए जांच टीम गठित की
17 मार्च: केंद्रीय राज्यमंत्री ने मुख्य सचिव को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा
18 मार्च: जेडी ने दोनों स्कूलों की जांच के लिए नई टीम बनाई
अभिभावकों के लिए सलाह
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों का एडमिशन कराने से पहले स्कूल की मान्यता ऑनलाइन जांचें, संबंधित बोर्ड या विभाग से पुष्टि करें, सभी दस्तावेज लिखित रूप में लें और फीस व नियमों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।
फिलहाल पूरे मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!