
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर स्थित एक तालाब में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तिफरा के कुंदरापारा निवासी तापस कश्यप (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार तापस कश्यप शुक्रवार को अपने रिश्तेदार सुनील कुमार कश्यप तथा दोस्तों राहुल विश्वकर्मा, प्रदीप साहू, गोरेलाल साहू और गेडा यादव के साथ राहुल की नई कार से घूमने खम्हरिया गया था। दोपहर करीब 3:30 बजे सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान संबलपुर के पास हाईवे किनारे स्थित तालाब को देखकर वे नहाने के लिए रुक गए।
नहाते समय तापस कश्यप तैरते-तैरते तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और सकरी पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
