

बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पड़रिया मोड़ के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार किशोरी उछलकर वाहन के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रिया निवासी दिनेश कैवर्त का बेटा, बहू और 16 वर्षीय बेटी मानसी कैवर्त किसी बैंक कार्य से तखतपुर आए थे। दोपहर करीब 2 बजे तीनों एक ही बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बाइक मानसी का भाई चला रहा था और मानसी बीच में बैठी हुई थी।
इसी दौरान पड़रिया मोड़ के पास तखतपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मानसी बाइक से उछलकर सीधे हाइवा के चक्के के नीचे आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायल किशोरी को तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के लिए रवाना किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।
