


बिलासपुर। शहर में एक बार फिर इंसानियत की मिसाल देखने को मिली, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग महिला की न सिर्फ जान बचाने में मदद की, बल्कि उसके पास मिले हजारों रुपए भी पूरी ईमानदारी से पुलिस को सौंप दिए।
घटना बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे सिम्स चौक के पास भावे-रजब अली मेडिकल दुकान के सामने की है। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने अज्ञात बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद महिला सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी रही।
इस दौरान वहां से गुजर रहे मॉर्निंग वॉकर्स ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत पहल की। उन्होंने बिना देर किए एक ऑटो रुकवाया और घायल महिला को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर इलाज मिल सका।
अस्पताल में जांच के दौरान महिला के पास रखी पोटली में 500 और 200 रुपए के नोटों के साथ छोटे नोट और सिक्के भी मिले। कुल मिलाकर पोटली में 47 हजार रुपए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने ईमानदारी दिखाते हुए पूरी राशि सुरक्षित पुलिस के हवाले कर दी।
घटना ने यह साबित कर दिया कि आज भी समाज में संवेदनशील और ईमानदार लोग मौजूद हैं, जो मुश्किल समय में न सिर्फ मदद के लिए आगे आते हैं बल्कि नैतिकता की मिसाल भी पेश करते हैं। वहीं पुलिस अब महिला की पहचान करने और फरार बाइक सवार की तलाश में जुट गई है।
