


बिलासपुर। शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन और खासकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान एक युवती शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ी गई, जिसने मौके पर जमकर हंगामा किया। युवती ने पुलिसकर्मियों से बहस की और मीडिया से भी उलझ गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए विशेष रूप से ड्रंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार, ट्रिपल सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाना और मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

जनवरी से अब तक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 913 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है और आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाया गया है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन वाहनों को जब्त किया गया है और उनके मालिक न्यायालय से सुपुर्दगी नहीं ले रहे हैं, उन वाहनों की जल्द ही नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, सड़क हादसों के प्रमुख कारणों में नशे में ड्राइविंग, तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करना शामिल है। ऐसे मामलों में अब केवल मोटर व्हीकल एक्ट ही नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य आपराधिक धाराओं में भी प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।
शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय संयम और सावधानी बरतें। नशे की हालत में वाहन चलाने से न सिर्फ चालक, बल्कि अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
