बार-बार अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने से परेशान होकर नाबालिग ने ही की थी डांस टीचर की हत्या

शशि मिश्रा

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में डांस टीचर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अननेचुरल सेक्स के लिए लगातार दबाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र ने ही शिक्षक की हत्या कर दी थी। घटना के 56 दिन बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। मामला कवर्धा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतक शिक्षक का नाम सत्यमदास मानिकपुरी (27) था, जो वार्ड नंबर-26 का निवासी था। वह एक निजी स्कूल में डांस टीचर के तौर पर काम करता था और अविवाहित था।

ब्लैकमेल से परेशान होकर बनाई हत्या की योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि सत्यमदास की पहचान करीब तीन महीने पहले नाबालिग छात्र से हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच अप्राकृतिक संबंध भी बने। बाद में शिक्षक नाबालिग पर बार-बार संबंध बनाने का दबाव डालने लगा और मना करने पर सबको बताने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। इससे परेशान होकर छात्र ने उससे छुटकारा पाने के लिए हत्या की साजिश रच डाली।
नर्सरी के पीछे ले जाकर गला रेता
17 जनवरी 2026 को नाबालिग ने सत्यमदास को व्हाट्सएप कॉल कर मिलने के लिए बुलाया। दोनों स्कूटी से लालपुर नर्सरी के पीछे पहुंचे। नाबालिग पहले से ही घर से चाकू लेकर आया था। मौके पर पहुंचते ही उसने सत्यमदास के गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मोबाइल नदी में फेंका, इंटरनेट पर खोजे बचने के तरीके
हत्या के बाद आरोपी ने सत्यमदास का मोबाइल और सिम अलग-अलग जगह नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नदी से मोबाइल बरामद कर लिया।

जांच के दौरान नाबालिग के मोबाइल की सर्च हिस्ट्री में अपराध के बाद बचने के तरीके, मोबाइल ट्रैकिंग से बचाव, मनोविज्ञान, साइकॉलोजिकल थ्रिलर, साउंडप्रूफ कमरा, डर का पैटर्न और अन्य संदिग्ध विषयों पर कई सर्च भी मिले।

5 हजार मोबाइल नंबर और 500 CCTV फुटेज खंगाले
17 जनवरी को लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क पर युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में गले पर चाकू से वार कर हत्या की पुष्टि हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच के दौरान करीब 5 हजार मोबाइल नंबरों का एनालिसिस, 500 से अधिक CCTV फुटेज की जांच और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस एक युवक तक पहुंची, जिसने नाबालिग और शिक्षक की पहचान कराई थी। उसी कड़ी में पुलिस ने आरोपी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से 15 मार्च को हिरासत में लिया।

गांव में छिपा था आरोपी
हत्या के बाद आरोपी अपने पैतृक गांव में छिपा हुआ था। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कूटी और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन भी रिक्रिएट कराया।

बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
कवर्धा के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, शिक्षक नाबालिग पर अननेचुरल सेक्स के लिए लगातार दबाव बना रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से परेशान होकर नाबालिग ने उसकी हत्या कर दी। आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!