
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में रविवार रात एक युवक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। तीन बदमाशों ने पहले युवक को शराब के लिए पैसे देने का दबाव बनाया, फिर पीछा कर उसे बाइक से गिराकर मारपीट की और पर्स लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रतनपुर के करैहापारा निवासी मिर्जा आरिफ बेग (26) एसी रिपेयरिंग का काम करते हैं। रविवार रात करीब 12 बजे वे बिलासपुर से काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहतराई ओवरब्रिज के पास पहले से बैठे तीन युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
आरिफ ने जैसे ही बाइक धीमी की, बदमाशों ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। लूट की आशंका होने पर आरिफ वहां से निकलने लगे, तभी एक बदमाश ने उन्हें लात मार दी। इसके बाद तीनों युवक बाइक से उनका पीछा करने लगे।
बताया जा रहा है कि रानीगांव के पास बदमाशों ने चलती बाइक का हैंडल पकड़कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर आरिफ के साथ मारपीट की और उनकी जेब से पर्स छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
