काउंटर से टिकिट लेकर 100 से 200 रुपए में बेचने वाला दलाल गिरफ्तार

शशि मिश्रा

बिलासपुर। आरक्षण कार्यालय से टिकिट बुकिंग कराने के बाद लोगों को 100 से 200 रुपए प्रति यात्री के हिसाब से देकर दलाली करने वाले टिकिट दलाल को आरपीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने दलाल के पास से तत्काल कोटा सहित साधारण टिकिट जब्त कर रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

होली पर्व खत्म होने के बाद लोगों की अपने-अपने स्टेशनों में वापसी होनी शुरु हो गई है। इसके कारण ट्रेनों में भीड़ की वजह से कई यात्रियों को कंफर्म टिकिट नहीं मिल पा रही है, जिसका फायदा टिकिट दलालों को हो रहा है। टिकिट दलाली रोकने के लिए आरपीएफ की टीम लगातार रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई करती है, जिसके बाद भी दलाली की प्रथा को रेल प्रशासन रोकने में नाकाम साबित हो रही है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट के साथ अब टिकिट दलाल आरक्षण कार्यालय से टिकिट की बुकिंग कर उसे बेचने का काम कर रहे हैं। इसी तरह रेलवे टिकिट की अवैध दलाली करने वालों के खिलाफ सूचना आरपीएफ को मिली थी। आरपीएफ ने सूचना मिलने के बाद बिलासपुर रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित रेलवे रिजर्वेशन कार्यालय के सामने गुप्त निगरानी करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को काउंटर से बाहर आते हुए पकड़ा। उक्त व्यक्ति बसंतपुर जांजगीर निवासी जयकिशन यादव पिता महावीर यादव 30 साल के पास तत्काल कोटे की स्लीपर टिकिट के साथ दूसरी टिकिट रखी मिली। पूछताछ में जानकारी मिली कि जयकिशन बेरोजगार है और अपने पाकेट खर्च के लिए मोबाइल में बनाए गए आईआरसीटीसी पर्सनल आईडी का उपयोग करता है। इसके साथ ही कभी-कभी रेलवे काउंटर से टिकिट बनवाकर यात्रियों को बेचकर 100 से 200 रुपए प्रति यात्री कमीशन लेता है। आरपीएफ ने टिकिट दलाल जयकिशन यादव के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत कार्रवाई करने के साथ फ्यूचर टिकिट, पास्ट टिकिट सहित 13 टिकिट जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!