
शशि मिश्रा

वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सागौन सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ी तस्करी करने वाले आरोपी को पकड़ा है। टीम ने आरोपी के पास से लाखों की लकड़ी सहित अन्य सामानों को जब्त कर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार होली पर्व से लगातार जंगल में पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि अवैध लकड़ी कटाई और वन्यप्राणियों के शिकार की घटना को रोका जा सके। इसके लिए विशेषकर उच्चाधिकारियों ने सभी रेंज को दिन के साथ रात में भी पेट्रोलिंग करने का आदेश जारी किया है। वन विभाग के अफसरों के आदेश पर बिलासपुर वन मंडल के कोटा वन परिक्षेत्र में परिक्षेत्र अधिकारी देवसिंह मरावी, परिक्षेत्र
सहायक बेलगहना शिव पैकरा, खोंगसरा के नरेन्द्र सिंह बैसवाड़े, केंदा के प्रमोद मिश्रा, टेंगनमाड़ा के सूरज मिश्रा, बीएफओ सोमप्रकाश जयसिंधु, संत कुमार वाकरे, बीएफओ नवीन सिंह बंजारा, वाहन चालक राजनारायण यादव पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोबरीपाठ निवासी निवासी शत्रुहन बंजारे पिता शंभु बंजारे के घर सागौन व अन्य प्रजाति की लकड़ी रखी हुई है। वन परिक्षेत्र
अधिकारी के निरीक्षण में शत्रुहन बंजारे के घर दबिश दी गई, जहां सागौन बल्ली 27 नग, साल बल्ली 2 नग, नीलगिरी बल्ली 19 नग, अन्य प्रजाति की बल्ली 4 नग, मिश्रित प्रजाति के चिरान 193 नग, जलाऊ चट्टा, लक्खा आरा 9 नग सहित लाखों रुपए के सामान भी मिले। टीम ने लकड़ी सहित अन्य सामानों को जब्त करने के बाद वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरु कर दी है।
