
बिलासपुर। भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के नौ दिनों तक मौसी मां का आतिथ्य स्वीकार करने के बाद शुक्रवार को पुनः अपने श्रीमंदिर लौटने के पावन अवसर पर शहर में भव्य बहुड़ा यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। दोपहर बाद ओड़िआ स्कूल प्रांगण स्थित गुंडिचा मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा तोरवा, जगमल चौक, गांधी चौक, तारबाहर एवं स्टेशन रोड होते हुए श्रीमंदिर पहुंची।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत स्टॉल लगाए गए, जहां रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शीतल जल, भोग-प्रसाद एवं अन्य सेवाएं प्रदान की गईं। भक्तों ने जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ महाप्रभु के रथ का स्वागत किया और दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी क्रम में बंगाली एसोसिएशन द्वारा बहुड़ा यात्रा के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं भोग-प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से एल्डरमैन देवाशीष (लाल्टू) घोष, पूजा सचिव श्री उत्तम डे, पूजा सचिव श्री सुदीप मजूमदार, प्राचार्य श्री पीयूष बरुई, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री देवाशीष दत्ता, कार्यकारिणी सदस्य श्री रूपम घोष, श्री विवेक रॉय सहित बंगाली एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया।
बहुदा यात्रा के दौरान पूरे शहर में भक्ति और उत्सव का वातावरण देखने को मिला। रथ के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समर्पण से ओतप्रोत इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का भी सुंदर संदेश दिया।
