
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित गणेश चौक में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर के पीछे लगी विंडो एसी को निकालकर अंदर घुसे और अलमारी से नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई 2026 से अपने परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने गए हुए हैं। उनकी अनुपस्थिति में घर की सुरक्षा के लिए प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है।
23 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड ने देखा कि घर के पीछे लगी विंडो एसी अपनी जगह से निकली हुई है। संदेह होने पर उसने तत्काल रजनीश सेठ को फोन कर इसकी सूचना दी। इसके बाद सेठ ने अपने पुत्र और एक परिचित को घर भेजकर जांच कराई।
जांच में पता चला कि अज्ञात चोर विंडो एसी हटाकर घर के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलमारी की चाबी का उपयोग कर अलमारी खोली और उसमें रखी नकदी तथा कीमती सामान चोरी कर लिया।
प्रार्थी ने वीडियो कॉल के माध्यम से घर की स्थिति देखने के बाद पुलिस को बताया कि अलमारी में लगभग 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण तथा कुछ कीमती नग (स्टोन) रखे हुए थे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विवरण केवल अनुमान के आधार पर है, क्योंकि वह अभी शहर से बाहर हैं।
पुलिस के अनुसार रजनीश सेठ के बिलासपुर लौटने और घर का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के बाद ही चोरी गए सामान का वास्तविक एवं विस्तृत ब्यौरा सामने आ सकेगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया अज्ञात आरोपी द्वारा घर में घुसकर चोरी करने का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
