

बिलासपुर। शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने दो बड़े फैसले लिए हैं। एक ओर नगरोत्थान योजना के तहत करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से जर्जर स्ट्रीट लाइट पोल बदले जाएंगे, वहीं शनिचरी हैप्पी स्ट्रीट फूड जोन प्रोजेक्ट में हुई बचत राशि से वार्ड क्रमांक 52 लिंगियाडीह में नया वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा।

3 करोड़ से बदले जाएंगे पुराने स्ट्रीट लाइट पोल
शहर में बेहतर रोशनी और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइट पोल बदलने के प्रस्ताव को एमआईसी ने मंजूरी दे दी है। कई क्षेत्रों में वर्षों पुराने पोल जर्जर हो चुके हैं, कुछ जगह झुक गए हैं तो कई स्थानों पर जंग लगने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
नगर निगम द्वारा तैयार सूची के अनुसार हेमूनगर, दयालबंद, गांधी चौक, लिंक रोड और सीपत रोड सहित अन्य प्रमुख इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर नए मजबूत पोल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही आधुनिक और ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटें भी स्थापित की जाएंगी, जिससे रोशनी की गुणवत्ता बेहतर होगी और बिजली की बचत भी होगी।
अधिकारियों के मुताबिक कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा ताकि यातायात और स्थानीय गतिविधियों पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
शनिचरी प्रोजेक्ट की बचत से लिंगियाडीह में बनेगा वेंडिंग जोन
शहर के शनिचरी बाजार में मॉडल स्ट्रीट फूड हब निर्माण के बाद बची राशि का उपयोग अब वार्ड क्रमांक 52 लिंगियाडीह में वेंडिंग जोन निर्माण के लिए किया जाएगा। शनिचरी बाजार में अत्याधुनिक फूड हब के लिए शासन से 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी। निविदा प्रक्रिया में मेसर्स ज्योति ट्रेडर्स ने निर्धारित दर से 7.77 प्रतिशत कम दर पर कार्य का प्रस्ताव दिया, जिसके चलते यह प्रोजेक्ट 69 लाख 84 हजार 200 रुपये में पूरा हो गया।
इससे निगम को 30 लाख 15 हजार 800 रुपये की बचत हुई। अब इसी राशि से लिंगियाडीह में नया वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। यह निर्णय निगम आयुक्त के वार्ड क्रमांक 52 के निरीक्षण के दौरान लिया गया, जहां अव्यवस्थित दुकानों और ट्रैफिक दबाव की समस्या सामने आई थी।
गौरतलब है कि अरपापार क्षेत्र में अब तक एक भी वेंडिंग जोन नहीं है। लिंगियाडीह में बनने वाला यह जोन अरपापार का पहला वेंडिंग जोन होगा। पूर्व में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी यहां वेंडिंग जोन निर्माण का प्रस्ताव दिया था।
वेंडिंग जोन बनने से सड़क किनारे बेतरतीब लगने वाले ठेलों की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी।
नगर निगम के इन दोनों फैसलों से शहर में रोशनी, सुरक्षा और बाजार व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
