
बिलासपुर। लोकल ट्रेनों में सामान बेचने के अधिकार को लेकर शुक्रवार को खोंगसरा रेलवे स्टेशन पर विवाद हिंसक हो गया। ट्रेन में वर्षों से चना, ककड़ी और मौसमी फल बेचने वाली स्थानीय महिला वेंडरों तथा स्टेशन के अधिकृत कैंटीन संचालक के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। गुस्साई महिलाओं ने कैंटीन में घुसकर तोड़फोड़ की और संचालक के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोटा-खोंगसरा क्षेत्र की कई महिलाएं लंबे समय से लोकल ट्रेनों में चना, ककड़ी और अन्य मौसमी फल बेचकर अपनी आजीविका चलाती हैं। वहीं खोंगसरा रेलवे स्टेशन के अधिकृत कैंटीन संचालक द्वारा कैंटीन संचालन के साथ-साथ ट्रेनों और स्टेशन परिसर में भी खाद्य सामग्री की बिक्री कराई जाती है।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि कैंटीन संचालक अपने लोगों से ट्रेनों में सामान बिकवाता है, जबकि उन्हें बिक्री करने से रोका जाता है। इसी बात को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के खोंगसरा स्टेशन पहुंचते ही कुछ महिलाएं लाठी लेकर स्टेशन स्थित कैंटीन में पहुंचीं। वहां उन्होंने जमकर हंगामा किया, कैंटीन में तोड़फोड़ की और संचालक के साथ मारपीट की। घटना के दौरान स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल हरकत में आया। आरपीएफ पेंड्रा पोस्ट प्रभारी समलेश यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई गई है। दोनों पक्षों को आरपीएफ पोस्ट बुलाकर उनके बयान लिए जा रहे हैं।
आरपीएफ का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
