

मुंगेली। जिले में अवैध शराब तस्करी और बिक्री पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत जरहागांव पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई मुंगेली पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक अधिक मात्रा में देशी शराब का परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से जा रहे हैं। सूचना पर थाना जरहागांव पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पथरिया मोड़ जरहागांव के पास नाकाबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजय साहू (27 वर्ष) एवं राहुल साहू (23 वर्ष), निवासी ग्राम झझपुरी खुर्द नवापारा, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली बताया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 80 पाव (14.400 बल्क लीटर) देशी प्लेन मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 6,400 रुपये बताई गई है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (हीरो एचएफ डीलक्स) क्रमांक CG 28 L 0538, जिसकी कीमत लगभग 40,000 रुपये आंकी गई, को भी जब्त किया गया। कुल जब्ती राशि लगभग 43,200 रुपये है।

आरोपियों से शराब रखने एवं परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर थाना जरहागांव में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिंहा (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी (थाना प्रभारी जरहागांव) सहित थाना एवं साइबर सेल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
