मोबाइल नंबर देने से इनकार पर नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार, रतनपुर पुलिस की कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी


बिलासपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना मोबाइल नंबर देने से इनकार करने पर हुई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को ग्राम मरहीकॉपा (थाना कोटा) निवासी पीड़िता ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह अपनी मौसी के घर ग्राम सेमरा आई हुई थी। इसी दौरान वह किराना दुकान से सामान लेने गई थी। दुकान से वापस लौटते समय सेमरा निवासी अनुराग जायसवाल (20 वर्ष) ने उससे मोबाइल नंबर मांगा।
पीड़िता द्वारा मोबाइल नंबर देने से मना करने पर आरोपी ने जबरदस्ती उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी घर से फरार था। उसके वापस घर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक पवन सिंह तथा आरक्षक बिजेंद्र रात्रे का विशेष योगदान रहा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!