जेवरा जंगल से सागौन चोरी, पांच आरोपी गिरफ्तार, सीपत पुलिस की घेराबंदी में पिकअप समेत लकड़ी व आरा मशीन जब्त


बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने जेवरा जंगल से सागौन लकड़ी की चोरी कर उसे पिकअप वाहन में भरकर जांजगीर ले जा रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 की रात सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जेवरा जंगल में कुछ लोग सागौन के पेड़ों को काटकर लकड़ी चोरी कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए थाना सीपत से टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया। घेराबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन क्रमांक CG-11 AB-0612 को रोका गया, जिसमें पन्नी से ढककर सागौन लकड़ी रखी गई थी।
जांच में वाहन से 16 नग सागौन के लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी कीमत 65,827 रुपये आंकी गई है। साथ ही एक डीजल आरा मशीन मय ब्लेड (कीमत 6,000 रुपये) और पिकअप वाहन (कीमत 1,50,000 रुपये) जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 2,21,827 रुपये बताई गई है।


गिरफ्तार आरोपियों में रामचंद कुर्रे (41 वर्ष), संतोष कुमार (50 वर्ष), जय सिंह ओगरे (62 वर्ष), लिल्लूराम पटेल (56 वर्ष) और रघुवीर सिंह मरावी (40 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन संपदा चोरी का प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!