

बिलासपुर। आवास योजना के तहत मजदूरी भुगतान में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि 2151 दिनों की मजदूरी फर्जी मस्टर रोल के जरिए गलत नामों से निकालकर करीब 5.17 लाख रुपए का गबन किया गया है।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्रीवास्तव ने कोटा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में मजदूरी भुगतान में हुई अनियमितताओं और उस पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी। जवाब में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि जांच में मस्टर रोल में गलत तरीके से हाजिरी दर्ज कर भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि ग्राम कुंवारीमुड़ा में 2151 दिनों की मजदूरी, जिसकी राशि लगभग 5.17 लाख रुपए है, अन्य व्यक्तियों के नाम से दर्ज कर गबन किया गया। इस मामले में तत्कालीन ग्राम रोजगार सहायक से राशि वसूली की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। वहीं ग्राम सेमरा में प्राप्त शिकायत की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से गरीब ग्रामीणों की आवास मजदूरी में लगातार हेराफेरी हो रही है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां आवास निर्माण कार्य चल रहा है, वहां सुनियोजित तरीके से एक चैनल बनाकर मजदूरी राशि निकाली जा रही है। ग्रामीणों को मजदूरी भुगतान की जानकारी तक नहीं मिलती और फर्जी मस्टर रोल के माध्यम से राशि आहरित कर ली जाती है।
विधायक ने आवास योजना के मजदूरी भुगतान की व्यापक और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पंचायत स्तर पर गहन जांच कराई जाए तो कई और स्थानों पर इसी तरह के मामलों का खुलासा हो सकता
