

बिलासपुर। जिले में कक्षा 9वीं और 11वीं की 27 फरवरी से प्रस्तावित वार्षिक (होम) परीक्षाएं ऐन वक्त पर स्थगित कर दी गई हैं। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) से जारी निर्देश के बाद जिला शिक्षा विभाग ने पूर्व निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम को निरस्त करते हुए नया शेड्यूल लागू करने की घोषणा की है। अब दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 25 मार्च से आयोजित की जाएंगी।
इस निर्णय का असर जिले के लगभग 19 हजार विद्यार्थियों पर पड़ेगा। शिक्षा विभाग के अनुसार कक्षा 9वीं में करीब 12 हजार तथा कक्षा 11वीं में लगभग 7 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। परीक्षा तिथि में बदलाव से विद्यार्थियों को अतिरिक्त तैयारी का समय मिलेगा, हालांकि अचानक हुए बदलाव से असमंजस की स्थिति भी बनी है।
विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे संशोधित समय-सारणी की जानकारी समय पर विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे। इधर कई प्राचार्यों का कहना है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन नए आदेश के बाद परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। अब जल्द ही नई समय-सारणी जारी की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तिथि परिवर्तन से अधिक परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि उन्हें आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं में बदलाव करना पड़ेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने बताया कि डीपीआई से आदेश मिलने के बाद 27 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। संशोधित तिथि के अनुसार ही अब परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी और सभी स्कूलों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
