

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने अवैध प्रवासियों एवं संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में सूचना देने के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या अवैध रूप से रह रहा विदेशी नागरिक दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल इस हेल्पलाइन पर दें।
पुलिस के अनुसार, इस नंबर पर दी गई सूचना के आधार पर आवश्यक जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने जारी अपील में कहा है कि राज्य और देश की सुरक्षा में आम नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति के संबंध में संदेह हो कि वह अवैध रूप से भारत में रह रहा है, तो उसकी जानकारी हेल्पलाइन पर साझा करें। सूचना मिलने के बाद पुलिस तथ्यों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि केवल सत्य एवं तथ्यात्मक जानकारी ही साझा करें और किसी भी व्यक्ति के बारे में बिना आधार के अफवाह या भ्रामक सूचना न दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से अवैध प्रवासियों की पहचान और उनके विरुद्ध कार्रवाई अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
