
बिलासपुर, 18 जुलाई। पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा रविवार 19 जुलाई 2026 को प्री-बीएड एवं प्री-डीएलएड प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
पहली पाली में प्री-बीएड प्रवेश परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दूसरी पाली में प्री-डीएलएड प्रवेश परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:15 बजे तक होगी। परीक्षा में बिलासपुर सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी और उनके अभिभावकों के आने की संभावना है।
इसे देखते हुए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, संकीर्ण मार्गों, पुल-पुलियों, शॉपिंग मॉल, शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस और यातायात बल तैनात किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर यातायात का डायवर्जन भी किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले तथा शाम परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर में यातायात का दबाव अधिक रहेगा। ऐसे में अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए शहर के बाहरी एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित और समय पर पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
