रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: चार की मौत, एक गंभीर

शशि मिश्रा/यूनुस मेमन


बिलासपुर। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तड़के करीब 2 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बीडी 9044 सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 MQ 4220 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।


घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस एवं राहत दल मौके पर पहुंचा। वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), पिता बालाराम रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर
विशाल लहरें (25 वर्ष), पिता राजकुमार लहरें, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
अनमोल लहरें (14 वर्ष), पिता संजय लहरें, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
सोनू मिरी (28 वर्ष), निवासी कोटा
घायल प्रकाश रात्रे, पिता मंशाराम रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रेलर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!