रतनपुर के घासीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत

शशि मिश्रा


बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत घासीपुर गांव में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।
मृतक की पहचान कर्रा नारा निवासी संजय कुमार आर्मो के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार संजय कुमार आर्मो निजी कार्य से बाइक क्रमांक सीजी 12 बीबी 7204 से जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएस 6541 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रेलर चालक को पुलिस ने वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!