
शशि मिश्रा

बिलासपुर। वेयरहाउस रोड स्थित महामाया विहार कॉलोनी में खुले नाले की वजह से एक 12 वर्षीय बालक के घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में नाराजगी है और उन्होंने नाले को स्लैब डालकर ढंकने की मांग तेज कर दी है।
महामाया विहार एक बड़ी आवासीय कॉलोनी है, जहां से गुजरने वाला नाला लंबे समय से खुला पड़ा है। कॉलोनी के भीतर स्थित विशाल हाइट्स अपार्टमेंट में रहने वाले नाथानी परिवार का 12 वर्षीय बेटा नक्ष नाथानी रविवार शाम साइकिल से ट्यूशन जा रहा था। इसी दौरान कॉलोनी मार्ग में एक कार का गेट अचानक खुलने से वह उससे टकरा गया और संतुलन बिगड़ने पर खुले नाले में जा गिरा।
नाले में गिरने से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां उसके सिर व शरीर पर चोट आने के कारण आठ टांके लगाए गए। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से नाला खुला है और कई बार शिकायत के बावजूद इसे ढंकने की कार्रवाई नहीं की गई। रहवासियों और परिजनों ने नगर निगम से मांग की है कि हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जल्द से जल्द नाले पर स्लैब डलवाकर उसे सुरक्षित किया जाए।
