फूड इंस्पेक्टर 90 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की चौथी ट्रैप कार्रवाई

शशि मिश्रा


बिलासपुर।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बिलासपुर (एसीबी) की टीम ने फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी एसीबी अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम विद्याडीह, थाना मस्तूरी निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम विद्याडीह की शासकीय उचित मूल्य दुकान वर्तमान में पंचायत द्वारा संचालित है। उक्त दुकान को शैल स्व सहायता समूह विद्याडीह को आबंटित कराने के लिए तीन माह पूर्व एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन दिया गया था।
आरोप है कि फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार द्वारा एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दुकान का आबंटन आदेश जारी कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को प्रार्थी को व्यवस्था किए गए 90 हजार रुपये लेकर आरोपी के महावीर सिटी स्थित आवास पर भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। आरोपी के निवास पर सर्च कार्रवाई भी जारी है।
एसीबी ने बताया कि इस वर्ष बिलासपुर इकाई की यह लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई है। हाल ही में एक तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अधिकारी-कर्मचारी को भी ट्रैप किया गया था।
एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विभाग के लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल सूचना दें, ताकि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!