मंगला के अभिषेक विहार फेस-2 में सूने मकान को बनाया निशाना, दो लाख की चोरी

शशि मिश्रा


बिलासपुर।
न्यायधानी के मंगला क्षेत्र स्थित अभिषेक विहार फेस-2 कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लगभग दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार कर दी। घटना से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड आर्मी अधिकारी शैलेश शुक्ला किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान की रेकी कर रहे बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। घर के कमरों में रखी अलमारियों को खंगालते हुए चोरों ने सोने-चांदी के कीमती जेवर और नकदी सहित करीब दो लाख रुपये का माल चोरी कर लिया।
सुबह पड़ोसियों की नजर जब टूटे ताले और खुले दरवाजे पर पड़ी, तब चोरी का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तफ्तीश को आगे बढ़ाने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ली। टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। घर के भीतर बिखरा सामान और टूटी अलमारियां इस बात की पुष्टि कर रही हैं कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और घर में पर्याप्त समय तक मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस कॉलोनी के प्रवेश द्वारों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!