

बिलासपुर, 7 जुलाई। वर्षा ऋतु में जीवनदायिनी माँ अरपा दाई में जल प्रवाह बढ़ने के शुभ अवसर पर टीम मानवता द्वारा प्रत्येक मंगलवार आयोजित की जाने वाली साप्ताहिक संध्या आरती के अनवरत 87वें सप्ताह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

अरपा तट पर आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा एवं जागरूक नागरिक शामिल हुए। दीपदान, वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद एवं सामूहिक प्रार्थना से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने माँ अरपा दाई से प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर टीम मानवता ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अरपा दाई केवल एक नदी नहीं, बल्कि बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान और जीवनरेखा है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। लोगों से आग्रह किया गया कि वे नदी, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों में पूजा सामग्री, प्लास्टिक अथवा किसी भी प्रकार का कचरा न डालें तथा स्वच्छ और निर्मल जलस्रोतों के निर्माण में सहभागी बनें।

टीम मानवता ने महाआरती में शामिल सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही अरपा दाई का संरक्षण संभव है।
“बिलासपुर की जीवनदायिनी माँ अरपा दाई को सम्मान मिले,
ना कि पूजा-कचरे और प्लास्टिक की सौगात मिले।”
