

बिलासपुर। थाना हिर्री पुलिस ने बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2023 से लगातार फरार चल रहा था और अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार प्रकरण अपराध क्रमांक 10/2026, धारा 420 भादवि के तहत दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजा भैया लहरे (26) निवासी ग्राम छैडोलिया (कोसा), थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा है।

ऐसे दिया झांसा
प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50) निवासी चण्डीपारा उरईहा पामगढ़ ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उनके पुत्र राहुल भारद्वाज और भतीजे हरिश को नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से 17 लाख 65 हजार रुपये और नगद 7 लाख 35 हजार रुपये, कुल 25 लाख रुपये ले लिए। अक्टूबर 2023 में रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया।

जब प्रार्थी ने पैसे वापस मांगने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी के परिजनों ने थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 दर्ज करा दिया। इसके बाद से आरोपी लगातार फरार था।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ अपराध
प्रार्थी द्वारा न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत करने पर न्यायालय के आदेश से थाना हिर्री में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए 20 फरवरी 2026 को ग्राम छैडोलिया, थाना मुलमुला से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से 75 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
