कोटा रोड पर भीषण सड़क हादसा: दो बाइक की टक्कर में दो की मौत, एक गंभीर

यूनुस मेमन


बिलासपुर/रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटा रोड स्थित जूना शहर के पास शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


पुलिस के अनुसार हादसे में मनहरण कमल (पिता गणेश राम), निवासी भरविडीह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह कोटा में रेलवे में नौकरी करता था और शनिवार शाम अपने घर से ड्यूटी के लिए बाइक से निकला था। इसी दौरान जूना शहर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।


दूसरी बाइक पर सवार शिव कुमार धनुहार, निवासी कर्मा बसहा की भी हादसे में मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर कृष्ण कुमार धनुहार सवार था, जिसे गंभीर चोटें आई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शिव कुमार धनुहार और कृष्ण कुमार धनुहार कर्मा बसहा से रतनपुर एक बारात में शामिल होने आए थे। वहां से कुछ सामान लेने के लिए रतनपुर की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे।


घटना के बाद घायलों को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिव कुमार धनुहार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार धनुहार की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया। दोनों मृतकों के शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखे गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!