

मुंगेली, 19 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला सत्र न्यायालय ने थाना चिल्फी में दर्ज जुआ प्रकरण के मुख्य आरोपी योगेंद्र शर्मा उर्फ लाला महाराज उर्फ भर्रा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। न्यायालय के इस फैसले को संगठित जुआ नेटवर्क के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 174/2025, धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए माननीय न्यायाधीश श्रीमती गिरजा देवी मेरावी ने आरोपी के आपराधिक इतिहास और संगठित अपराध में संलिप्तता को गंभीर मानते हुए याचिका निरस्त कर दी। शासन की ओर से लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने प्रभावी पैरवी की।
रेड कार्रवाई में हुआ था खुलासा
मामले की शुरुआत 2 नवंबर 2025 को हुई थी, जब थाना चिल्फी पुलिस ने ग्राम रैतरा खुर्द स्थित हनुमान मंदिर के पास छापेमारी कर संजय साहू को सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 75,700 रुपये नकद, सट्टा संबंधित दस्तावेज, एक डॉट पेन और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर अंकों में सट्टा संचालन किया जा रहा था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संजय साहू द्वारा वसूली गई रकम का सात प्रतिशत कमीशन योगेंद्र शर्मा को दिया जाता था। वित्तीय लेन-देन और बार-बार अपराध की पुनरावृत्ति के आधार पर मामले को संगठित अपराध की श्रेणी में लिया गया।
जांच में सामने आए अहम तथ्य
जांच के दौरान आरोपी और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। पुलिस के अनुसार योगेंद्र शर्मा पूर्व से आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ जुआ अधिनियम सहित अन्य मामलों में कई प्रकरण दर्ज हैं। साथ ही, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल पेमेंट माध्यमों का उपयोग कर सुनियोजित जुआ सिंडिकेट संचालित किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं।
गिरफ्तारी के प्रयास तेज
आरोपी लंबे समय से फरार बताया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने पूर्व में आरोपी की गिरफ्तारी पर 1,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी। जिले में आरोपी के पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश और तेज कर दी है।
थाना फास्टरपुर प्रभारी ने कहा कि न्यायालय का यह निर्णय संगठित अपराध के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई को और मजबूती प्रदान करेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
