ब्राउन शुगर के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख की जप्ती‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई


मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ अभियान और जिले में चल रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 17 फरवरी को बी.आर. साव स्कूल मैदान में घेराबंदी कर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से 11 पैकेट में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय देवांगन (40), कृष्ण कमल डाहिरे (22) और कोमल यादव (22) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने किशोर ध्रुव (36) और अमित साहू (38) के कहने पर ब्राउन शुगर मंगाई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 65,000 रुपये), 5 मोबाइल फोन (कीमत 70,000 रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (कीमत 65,000 रुपये) जप्त की है। कुल जप्ती लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को 18 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशा या मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!