
यूनुस मेमन

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के गिरजावन नवागांव ग्राम में मंगलवार को एक खेत में स्थित नीम के पेड़ पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक ने गमछे के सहारे पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने सुबह खेत की ओर जाते समय पेड़ पर शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है तथा गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो तो तत्काल रतनपुर थाना से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
