

मुंगेली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस ने स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 15 फरवरी 2026 को सरगांव पुलिस ने एनएच-130 पर ग्राम किरना के पास एक कार चालक को खतरनाक स्टंट करते हुए पकड़ा। वाहन क्रमांक CG-22AH/0214 (ह्युंडई वेन्यू) पर सवार युवक सार्वजनिक सड़क पर लापरवाहीपूर्वक स्टंटबाजी कर रहा था, जिससे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित चालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया और 12,000 रुपये का समन शुल्क वसूल किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरगांव पुलिस द्वारा क्षेत्र में स्टंटबाजी करने वालों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारीपूर्ण वाहन चलाएं।
