

बिलासपुर। नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित अंतर विभागीय खेल महोत्सव 2026 का दुधिया रोशनी में भव्य आयोजन किया जा रहा है। खेल महोत्सव में रेलवे कर्मचारी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और प्रतियोगिताओं का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। महिला कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
फुटबॉल स्पर्धा के पहले सेमीफाइनल में मेकेनिकल विभाग और इंजीनियरिंग विभाग आमने-सामने हुए। मेकेनिकल विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। टीम की ओर से पी. संतोष राव ने निर्णायक गोल दागा और ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।
दूसरे सेमीफाइनल में इलेक्ट्रिकल विभाग और परिचालन विभाग के बीच मुकाबला हुआ। इलेक्ट्रिकल विभाग ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत हासिल की और फाइनल में जगह बनाई। परिचालन विभाग की ओर से तुलसी ने एक शानदार गोल किया। वहीं इलेक्ट्रिकल विभाग की ओर से प्रदीप मिंज, एस.एस. मुंडा और रमन सेव्या ने एक-एक गोल दागा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रमन सेव्या को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। मैच के निर्णायक श्री एन. दिनेश कुमार, श्री एडमन सतुर, श्री मुकेश एवं श्री शेख सलीम रहे।

आयोजन समिति के अनुसार 16 फरवरी 2026 को शाम 5:30 बजे फुटबॉल का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले दोपहर 3:30 बजे तीसरे स्थान के लिए इंजीनियरिंग विभाग और परिचालन विभाग के बीच मैच होगा। वहीं शाम 4:30 बजे 60 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों की दो टीमों—महाकाल स्पोर्टिंग क्लब (बाबजी) और एकता स्पोर्टिंग क्लब (के.के. राव)—के मध्य विशेष मैत्री मैच आयोजित किया जाएगा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन होंगे, जो फुटबॉल सहित कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस, तैराकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग सिंह तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
खेल महोत्सव को सफल बनाने में संस्थान के उपाध्यक्ष श्री अमरनाथ सिंह, सचिव श्री सी. नवीन कुमार, सह-सचिव श्री संजय कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष श्री बी. अनिल कुमार, सह-कोषाध्यक्ष श्री श्रीकांत पाढी, मीडिया प्रभारी श्री हेमंत सिंह, टूर्नामेंट सचिव श्री दीपक कुमार सुब्बा, सह-सचिव श्री दीपक राजा गुरुंग, आउटडोर इंचार्ज श्री टी. सम्मुख राव, इनडोर इंचार्ज श्री डी. मुरलीधर, लाइब्रेरी इंचार्ज श्री श्रीराम यादव, कार्यालय प्रभारी श्री एस. रघुराम सहित सभी कर्मचारी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
