दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे स्कूल नं 01 की छात्रा ने गणतंत्र दिवस परेड 2026 में किया गौरवपूर्ण प्रदर्शन, कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में सहभागिता कर बढ़ाया रेलवे का मान, मंडल रेल प्रबंधक  राकेश रंजन ने दी शुभकामनाएँ

बिलासपुर, 12 फरवरी 2026

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक–1, बिलासपुर की कक्षा नवमी की छात्रा एवं एनसीसी सार्जेंट अर्पिता दत्ता ने नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड 2026 में सफलतापूर्वक सहभागिता कर अपने विद्यालय के साथ-साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नाम गौरवान्वित किया है।

गणतंत्र दिवस परेड देश का सर्वाधिक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें भारतीय सैन्य शक्ति, अनुशासन तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन किया जाता है। इस प्रतिष्ठित परेड में चयन एवं सहभागिता किसी भी एनसीसी कैडेट के लिए अत्यंत गौरव का विषय होता है।

सार्जेंट अर्पिता दत्ता ने अपनी लगन, कड़ी मेहनत, अनुशासन तथा एनसीसी अधिकारियों के मार्गदर्शन में कम आयु में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन ने अर्पिता दत्ता को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि अर्पिता की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह उपलब्धि अनुशासन और समर्पण के महत्व को दर्शाती है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा, अर्पिता दत्ता के माता-पिता एवं विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!