पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित


बिलासपुर। एकात्म मानववाद के प्रवर्तक, अंत्योदय के प्रणेता एवं प्रखर चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर बुधवार 11 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा सभी मंडलों एवं बूथों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पं. दीनदयाल उपाध्याय का पुण्य स्मरण कर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
व्यापार विहार स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय उद्यान एवं श्रीकांत वर्मा मार्ग में स्थापित उनकी प्रतिमा पर आयोजित माल्यार्पण कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय एक मजबूत और सशक्त भारत का सपना देखते थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा।
श्री कौशिक ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पं. उपाध्याय राजनीति के साथ-साथ साहित्य में भी गहरी रुचि रखते थे और वे अपनी शिक्षा के दौरान प्रत्येक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करते थे। 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा जनसंघ की स्थापना के बाद उन्हें प्रथम महासचिव नियुक्त किया गया। 1953 में डॉ. मुखर्जी के निधन के पश्चात संगठन की बड़ी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई, जिसे उन्होंने लगभग 15 वर्षों तक निभाया। बाद में वे जनसंघ के अध्यक्ष भी निर्वाचित हुए। उन्होंने एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी, जिस पर आज भारतीय जनता पार्टी आगे बढ़ रही है। श्री कौशिक ने कहा कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय एक गंभीर विचारक, सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तित्व थे। उनके विचारों को एकात्म मानववाद के रूप में पहचान मिली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित आवास योजना, आयुष्मान योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं उसी विचारधारा का धरातलीय स्वरूप हैं। आमजन की सेवा ही भाजपा का मूल उद्देश्य है और पार्टी उनके दिखाए मार्ग पर चलकर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, हनीफ खान, दुर्गेश पाण्डेय, देवेन्द्र पाठक, एस. श्रीनिवास राव, नारायण गोस्वामी, दिनेश देवांगन, संजय गुप्ता, राजकमल कश्यप, कृतिवर्धन गुप्ता, शुभम तिवारी, विरेन्द्र शाह, अमित सिंह, सीनु राव, विश्वजीत ताम्रकार, अनिल सूर्या, आशीष यादव, रीना गोस्वामी, पूजा खत्री, वंदना तिवारी, सुमन यादव, कमला शुक्ला, श्रद्धा तिवारी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!