जिलेभर में पुलिस की रात्रि कांबिंग गश्त, 126 वारंटी व 11 फरार आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई, जिसमें करीब 300 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने भाग लिया।


अभियान के तहत अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थानों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों और वारंटियों के निवास स्थानों पर सघन जांच व दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।


पुलिस ने निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा-बदमाशों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।


एक मामले में एक व्यक्ति के कब्जे से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 105 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।


अभियान के दौरान सभी थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ और विशेष टीमों ने समन्वित व योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। वारंटियों, फरार आरोपियों या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!