सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अवैध हुक्का बार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार


बिलासपुर।
शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में शनिवार को थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का बार संचालक को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हुक्का बार में दबिश देकर अवैध संचालन को बंद कराया।
छापेमारी के दौरान हुक्का बार मैनेजर विक्रम ठाकुर (20 वर्ष) निवासी मंदिर चौक जरहामाठा, रितेश विश्वकर्मा (25 वर्ष) निवासी मसानगंज मध्य नगरी चौक तथा अरबाज खान (23 वर्ष) निवासी आजाद चौक मंगला, बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं हुक्का बार संचालक विनोद ठाकुर को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 6 नग हुक्का पार्ट, 8 नग कोयला (कोको जेल), 4 नग स्टेन, 7 नग चिलम, 8 नग पाइप, 1 नग कोल हीटर, 1 नग हिसाब पंजी, ₹3000 नगद राशि एवं 3 मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!