
शशि मिश्रा

बिलासपुर।
बीती रात तिफरा फ्लाईओवर ब्रिज पर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाई जा रही एक बीएमडब्ल्यू कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि महाराणा प्रताप नगर तिफरा निवासी रितेश यादव अपने दोस्तों भारत कश्यप और चेन यादव के साथ बाइक क्रमांक सीजी 10 बीएफ 2485, जबकि विक्की यादव और आकाश वस्त्रकार बाइक क्रमांक सीजी 12 एव्ही 1279 से शहर में कपड़े खरीदने आए थे। देर रात करीब 11.30 बजे सभी युवक तिफरा फ्लाईओवर ब्रिज से होते हुए अपने घर लौट रहे थे।

जब वे तिफरा ब्रिज के ढलान पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही बीएमडब्ल्यू कार क्रमांक सीजीसीए 6956 के चालक ने तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी पांच युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। वहीं हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जांच में सामने आया कि कार चालक नाबालिग है।
पुलिस ने घायल युवक बहोरन यादव की रिपोर्ट पर बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया है और फरार नाबालिग चालक तथा उसके पिता के खिलाफ बीएनएस की धारा 125-ए और 28-के के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
