बीमार और असहाय बुजुर्ग महिला से गैंगरेप, मकान मालिक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

शशि मिश्रा


बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़)।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 64 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग महिला के साथ उसके ही मकान मालिक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर गैंगरेप किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 6 फरवरी दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता किराए के मकान में अकेली रहती थी और लंबे समय से बीमारी के कारण बिस्तर पर थी। उसका कोई परिजन नहीं है और वह पड़ोसियों की मदद से ही अपना जीवन यापन कर रही थी।
बताया गया कि घटना के समय पास में रहने वाली एक महिला पड़ोसी बुजुर्ग का हाल-चाल जानने उसके कमरे में पहुंची। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गई। कमरे में मकान मालिक और उसका साथी बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म कर रहे थे। पड़ोसी महिला को देखते ही दोनों आरोपी उस पर झपट पड़े और मारने दौड़े, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
असहायता का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की बीमारी, अकेलापन और शारीरिक असमर्थता का आरोपियों ने फायदा उठाया। जांच में सामने आया है कि महिला पूरी तरह बेबस थी और विरोध करने की स्थिति में नहीं थी।
आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
मोहन दास पंजवानी (64 वर्ष), मकान मालिक, निवासी गैस गोदाम रोड
श्याम यादव (45 वर्ष), निवासी नयापारा
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(k) और 332(b) के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और घटना से जुड़े फॉरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस अमानवीय घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में तेजी से जांच पूरी कर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!