

बिलासपुर।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में वाहन ठकराने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस मामले में बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक नग लोहे का चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 194/26 के तहत धारा 196, 115(2), 351(2), 119(1), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान शानू उर्फ अश्वनी यादव पिता संतोष कुमार यादव (19 वर्ष), निवासी देवीनगर, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। इसके अलावा चार अपचारी बालक भी प्रकरण में शामिल पाए गए।
घटना 4 फरवरी 2026 की है। प्रार्थी आशीष कुमार कुर्रे (18 वर्ष), निवासी तालापारा मिनीनाता नगर, अपने सहकर्मी आदित्य सूर्यवंशी एवं तबरेज के साथ ऑटो में बैठकर वाहन यार्ड छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान भारतीय नगर मोड़ के पास एक स्कूटी चालक ने पीछे से ठोकर मार दी। इसके बाद स्कूटी चालक ने वाहन क्षति का आरोप लगाते हुए पैसे की मांग की और मारपीट कर मौके से चला गया।
शाम करीब 6.30 बजे जब प्रार्थी अपने सहकर्मी आदित्य सूर्यवंशी, सुभाष रात्रे एवं अन्य स्टाफ के साथ ऑटो शोरूम के पास बातचीत कर रहा था, तभी आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचे। आरोपियों ने वाहन सही तरीके से नहीं चलाने का आरोप लगाते हुए अश्लील गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक अपचारी बालक ने अपने पास रखे लोहे के चाकू से प्रार्थी पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। विधिवत कार्रवाई करते हुए 6 फरवरी 2026 को मुख्य आरोपी को जिला न्यायालय बिलासपुर में पेश किया गया, जबकि चारों अपचारी बालकों को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
