

बिलासपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में जिले में नशाखोरी, अड्डेबाजी, असामाजिक गतिविधियों एवं यातायात अव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ड्रोन तकनीक आधारित विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिस को निगरानी में मदद मिल रही है और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के तहत सिरगिट्टी क्षेत्र में ड्रोन से मिली लाइव जानकारी के आधार पर चिन्हित स्थानों पर पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान नशा सेवन एवं अड्डेबाजी में लिप्त 15 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसी तरह सरकण्डा क्षेत्र स्थित साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित व्यापार मेले के दौरान ड्रोन के माध्यम से यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण किया गया। ड्रोन निगरानी से मेले में सुचारु आवागमन बना रहा और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
