
आकाश दत्त मिश्रा

बिलासपुर लोकसभा प्रभारी ,पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह लगातार बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के विधानसभाओ में पहुंचकर चुनावी रणनीति पर कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों से विचार विमर्श कर रहे हैं । इसी क्रम में वे बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के मुंगेली विधानसभा में दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। यहाँ डॉ रमन ने मैराथन बैठक की। इसी दौरान वे भाजपा के विजय नंदवानी और युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष सौरव बाजपेई के निवास पर भी पहुंचे। सौरव बाजपेई के पृथ्वी ग्रीन कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने उनसे विस्तार से बातचीत करते हुए मुंगेली में भाजपा की स्थिति और संगठन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।

सौरव बाजपेई ने यहां भाजपा की मजबूती के साथ उनकी कमजोरियों पर भी प्रकाश डालते हुए डॉ रमन सिंह को कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। सपरिवार डॉक्टर रमन सिंह का आत्मीय स्वागत करने के बाद यहां मुंगेली से जुड़े कई पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जहां पार्टी का आंकलन तो हुआ ही, साथ ही मुंगेली में मौजूदा समस्याओं जैसे जमीन जमीन के अवैध कारोबार, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध, अधिकारियों की मनमानी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से भी सौरव बाजपेई ने डॉक्टर रमन को अवगत कराया। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान डॉ नमन सभी कार्यकर्ताओं से मिले और उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया। डॉ रमन ने जीत का मंत्र देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 साल के कार्यकाल की उपलब्धि और प्रदेश सरकार के कार्यकाल की कमियों को जनता तक पहुंचाएं।
