
बिलासपुर, 22 जुलाई। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम मेड़पार-बाजार में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम मेड़पार-बाजार में मोतीलाल जायसवाल के खेत के पास एक ट्रैक्टर पलट गया है। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक चन्द्रशेखर पटेल (26 वर्ष) निवासी ग्राम मेड़पार-बाजार को दुर्घटना का जिम्मेदार पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर का ट्रैक्टर इंजन एवं ट्रॉली भी जब्त कर ली है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 105 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना हिर्री पुलिस द्वारा की जा रही है।
