

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम लिखी चिट्ठी में प्रदेश के किसानों के हित में इस वर्ष 1 नवंबर से धान खरीदी की मांग की है। उन्होंने चिट्ठी में लिखा कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ राज्य के किसानों के हित में आपसे आग्रह पूर्वक मांग करती है कि 01 नवंबर से धान खरीदी आरंभ करने का आदेश तत्काल प्रभाव से जारी करें। छत्तीसगढ़ में 15 अक्टूबर तक धान पक कर, कटकर तैयार हो जायेगी। किसान बमुश्किल एक पखवाड़े तक रुक सकते हैं। इसलिए 01 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की जाना चाहिए। देर से खरीदी शुरू होने पर किसान समर्थन मूल्य से 5 से 6 सौ रुपये प्रति क्विंटल कम कीमत पर धान बेचने विवश हो जाता है क्योंकि उसे धान कटाई, मिंजाई का पैसा देना होता है। लेनदार उसके सिर पर खड़े हो जाते हैं। किसान को भारी नुकसान से बचाने 01 नवंबर से खरीदी शुरू की जानी चाहिए।
उन्होंने आगे लिखा कि हम आपको स्मरण कराना चाहते हैं कि आप पूर्व में ऐसा अनुभव करते रहे हैं कि 01 नवंबर से धान खरीदी होना चाहिए। आप पूर्व में इसकी मांग करते रहे हैं।अब विगत 4 वर्षों से आप शासन का संचालन कर रहे हैं, अब आपके पास अधिकार है। आप चाहे तो यह व्यवस्था लागू कर सकते है।
पिछले वर्ष यदि 01 नवंबर से धान खरीदी की मांग आपने स्वीकार कर ली होती तो किसानों का धान सही समय पर समर्थन मूल्य में खरीदा जा सकता था और किसानों की फसल पानी में बर्बाद होने से बच सकती थी। भविष्य में किसान बर्बाद न हों, इसके लिए 01 नवंबर से धान खरीदी आरंभ करने की नितांत आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री निर्बाध धान खरीदी के लिए बारदाना का प्रबंध करने का कष्ट करें। अभी डेढ़ माह का समय शेष है। सभी तैयारियां सुनिश्चित करने यह समय पर्याप्त है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों की जायज मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी है लेकिन जैसा कि होता आया है , इस मुद्दे पर भी उन्हें करारा जवाब कांग्रेस की ओर से मिल सकता है।
